बोकारो। राजस्थान के जयपुर में आयोजित 46वीं राष्ट्रीय जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता में वेदांता ईएसएल तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ी कुलदीप महतो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए। 21 से 28 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कुलदीप ने व्यक्तिगत ओलंपिक चक्र स्पर्धा में स्वर्ण पदक, जबकि टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर बोकारो और झारखंड का नाम रोशन किया।
कुलदीप की इस उपलब्धि पर ईएसएल स्टील लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक रवीश शर्मा ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं की प्रतिभा निखारने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का माध्यम हैं। कुलदीप की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कुलदीप के साथ उनके प्रशिक्षक बुद्धेश्वर मुर्मू को भी बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रशिक्षक बुद्धेश्वर मुर्मू के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रहे कुलदीप ने लगातार बेहतर प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा साबित की है। उनकी इस सफलता में वेदांता ईएसएल तीरंदाजी अकादमी की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अकादमी की ओर से युवा खिलाड़ियों को पेशेवर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं, विशेष उपकरण और पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
ईएसएल स्टील लिमिटेड की ओर से ग्रामीण एवं स्थानीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कंपनी खेल, शिक्षा और सामुदायिक विकास के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करा रही है। कुलदीप की इस उपलब्धि से अकादमी के अन्य खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।

