बोकारो। आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार शाम उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने बोकारो स्टील सिटी के विभिन्न पूजा पंडालों एवं मेला परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने अग्नि सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था, पंडालों की संरचनात्मक सुरक्षा और विधि-व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पूजा समितियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूजा समितियां आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतें।
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने कहा कि पूजा एवं मेला परिसर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय रखा जाएगा।
उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने, निर्धारित कतारों में दर्शन करने और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की। अभिभावकों से छोटे बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा उनके पास नाम, अभिभावक का मोबाइल नंबर और संपर्क विवरण वाली पर्ची रखने का भी आग्रह किया।
जिला प्रशासन ने पूजा समितियों और आमजनों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सकता है।
दुर्गा पूजा को लेकर डीसी-एसपी ने पूजा पंडालों का लिया जायजा









Leave a Reply