बोकारो/ झारखंड के वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ संजय कुमार को न्यूरोट्रॉमा सोसाइटी ऑफ़ इंडिया का प्रेसिडेंट इलेक्ट चुने जाने पर बोकारो चैंबर ऑफ़ कॉमर्स ने उनके बोकारो आगमन पर स्वागत एवं सम्मानित किया। चेंबर अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है बल्कि पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात है। मनोज चौधरी ने कहा कि अब झारखंड के डॉक्टर राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर रहे हैं। चैंबर के पूर्व अध्यक्ष संजय बैद ने बताया कि डॉ संजय को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं, कई संस्थाओं को अपना नेतृत्व दें चुके हैं और कई संस्थाओं का नेतृत्व कर रहे हैं। बैद ने उम्मीद जताई की डॉ संजय के अनुभव का लाभ बोकारो एवं झारखंड वासियों को मिलेगा। कार्यक्रम के संयोजक मनोज भालोटिया ने कहा कि डॉ संजय झारखंड वासियों को अपनी अनमोल सेवाएं दे रहे है।बोकारो वासियों से मिले स्नेह और प्यार से अभीभूत डॉ संजय ने कहा कि न्यूरोट्रामा और न्यूरोसर्जरी के क्षेत्र में नीति निर्माण और अकादमिक कार्यों की राष्ट्रीय संस्था के अध्यक्षीय जिम्मेदारी का लाभ झारखंड वासियों को दिलाने का प्रयास करेंगे। डॉ संजय ने कहा कि वे झारखंड में ट्रॉमा केयर सेवाओं को और आधुनिक और प्रभावशाली बनाने का प्रयास करेंगे।डॉ संजय ने आधुनिक जीवन शैली में योग एवं जैविक खेती को समावेश करने पर बल दिया, और युवाओं को जंक फूड से बचने की सलाह दी, इसके पूर्व शॉल ओढ़ाकर एवं एक पौधा भेंट कर डॉक्टर संजय का सम्मान किया गया। जैन मिलन के सचिव आलोक जैन ने भी एक पौधा भेंट कर डॉक्टर संजय कुमार का अभिनंदन किया। आलोक जैन ने कहा की डॉ संजय की उपलब्धि उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायक है,चेंबर के महामंत्री राजकुमार जायसवाल ने कहा की डॉ संजय पूर्वी भारत के पहले न्यूरो सर्जन है जिन्हें यह प्रतिष्ठित जिम्मेदारी मिली है। कार्यक्रम का संचालन मुकेश अग्रवाल ने किया। धन्यवाद ज्ञापन अजय लूंकड ने किया।चैंबर ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर शैलेन्द्र जायसवाल, बिनय सिंह, अनूप भालोटिया मनोज भालोटिया, प्रेम कुमार कुमार अमरदीप, चंदन बांठिया अंकित जैन, सिद्धार्थ चोरड़िया, राजेश पोद्दार,संतोष सिंह, कमलेश जायसवाल, राजकुमार जायसवाल आदि उपस्थित थे!