स्कूल छात्रों की बाइक चेकिंग में दर्जनों पकड़े गए

 नाबालिगों को दे रखी थी गाड़ी, ट्रैफिक पुलिस ने की सख़्त कार्रवाई

बोकारो : बुधवार को सुबह-सुबह ट्रैफिक डीएसपी विद्यासागर और चास एसडीएम प्रांजल ढांडा के नेतृत्व में एक विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें स्कूल के छात्रों द्वारा ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की सघन जांच की गई। यह अभियान शहर के प्रमुख स्कूलों – चिन्मया विद्यालय सेक्टर 5, अयप्पा स्कूल और जीजीपीएस के आसपास चलाया गया।

अभियान के दौरान यह पाया गया कि कई छात्र बिना ड्राइविंग लाइसेंस और बिना हेलमेट के बाइक चला रहे थे। विशेष चिंता की बात यह रही कि इनमें से कई छात्र नाबालिग थे, जिन्हें उनके अभिभावकों ने बाइक दे रखी थी। ट्रैफिक नियमों की इस अनदेखी को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर ही कई छात्रों पर चालान किया, वहीं कुछ मामलों में अभिभावकों के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

ट्रैफिक डीएसपी विद्यासागर ने बताया कि इससे पहले यह अभियान डीपीएस स्कूल में भी चलाया गया था और यह सतत प्रक्रिया है, जिससे छात्रों में ट्रैफिक सुरक्षा को लेकर जागरूकता लाई जा सके। उन्होंने कहा कि नाबालिगों के द्वारा वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि उनके जीवन के लिए भी घातक हो सकता है। ऐसे मामलों में अब अभिभावकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और उन पर भी कड़ी कार्रवाई होगी।

यह भी स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। स्कूलों से जुड़े रूटों पर नियमित निगरानी की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर विद्यालय प्रबंधन से भी सहयोग लिया जाएगा। अभियान के दौरान छात्रों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी भी दी गई और यह भी बताया गया कि ट्रैफिक कानूनों का पालन न करना केवल जुर्माना भरने की बात नहीं है, बल्कि यह उनके और दूसरों के जीवन से जुड़ा मामला है।

प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न सौंपें और उन्हें ट्रैफिक नियमों के पालन के प्रति जागरूक बनाएं, ताकि शहर की सड़कें सुरक्षित और अनुशासित बन सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top