बोकारो उपायुक्त ने जरीडीह प्रखंड कार्यालय में किया जनता दरबार का आयोजन

जरीडीह :बोकारो उपायुक्त विजया जाधव के अध्यक्षता में सोमवार को जरीडीह प्रखंड परिसर में जन समस्याओं के समाधान के लिए जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिसमें जिला के तमाम पदाधिकारी यथा उपायुक्त महोदया, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला परियोजना पदाधिकारी(uidai), जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी तथा प्रखंड एवं अंचल के तमाम पदाधिकारी एवं कर्मी, जनप्रतिनिधि में प्रखंड प्रमुख, सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, जिला परिषद अध्यक्ष एवं सदस्य गण तथा पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में प्रखंड के तमाम ग्रामीणों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। जिसमें पशुपालन के तहत पशुधन यथा बकरी, गाय, बत्तख चूजा का वितरण किया गया, पेंशन का आवेदन प्राप्त किया गया एवं विभिन्न विभागों के स्वीकृति प्रमाण पत्र का वितरण किया गया तथा कल्याण विभाग से स्कूली छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरण किया गया। आधार पंजीकरण-संशोधन किया गया, राजस्व विभाग से भूमि संबंधित कई तरह के विवादों का निपटारा इत्यादि कार्यक्रम किया गया। आयोजित कार्यक्रम में कुल 762 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें से 319 मामलों का त्वरित निपटारा किया गया। वही 203 परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।

सोहनलाल आर्य महाविद्यालय में वित्तीय अनियमित और घोटाले की जांच का मांग –

सोमवार को आयोजित जनता दरबार में विस्थापित नौजवान संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष अरुण कुमार महतो ने उपायुक्त को आवेदन देकर कल्याणपुर में संचालित सोहनलाल आर्य महाविद्यालय को मिल रही सरकारी अनुदान राशि के घोटाले पर जांच करते हुए कार्रवाई की मांग किया है। दिए गए आवेदन में श्री महतो ने अनुदान राशि का घोटाला छात्रों से नामांकन के नाम पर अवैध वसूली शिक्षकों की बहाली में कमीशन के साथ-साथ कभी भी छात्र-छात्राओं को क्लास नहीं होने का आरोप लगाया है। श्री महतो ने कहा कि उक्त महाविद्यालय सिर्फ कागजों में ही चल रही है। धरातल पर इसकी स्थिति विपरीत है। इस विद्यालय का संचालन कर छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

जनता दरबार के नाम पर सरकारी राशि का दुरुपयोग – गुप्तेश्वर मंडल

आयोजित जनता दरबार में उपस्थित जेएलकेएम के नेता बांधडीह निवासी गुप्तेश्वर मंडल ने कहा कि इस प्रकार का आयोजन कर सरकार और जिला प्रशासन जनता को गुमराह कर रही है। जनता दरबार का आयोजन में हजारों की संख्या में दूर दराज से लोग आकर अपनी समस्याओं के अनुरूप आवेदन देते हैं। किंतु उनके द्वारा दिए गए आवेदनों पर किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं कर जन समस्या का समाधान के नाम पर खानापूर्ति कर सरकारी राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top