बेरमो। नावाडीह प्रखंड ऊपरघाट बोकारो जिला के पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिलपिलो जंगल में बीते रात लगभग साढ़े दस बजे दो बाइक सवार चार अपराधियों ने माँ जगदम्बा कोल फैक्ट्री के मालिक शिव कुमारी और उनके पुत्र डॉ. शिवम पर गोलीबारी की। हमले में दोनों बाल-बाल बच गए। शिव कुमारी ने बताया कि वे अपने फैक्ट्री से अपने पुत्र के साथ बुधवार की रात लगभग साढ़े दस बजे हजारीबाग के लिए निकल रहे थे, तभी पिलपिलो जंगल के समीप दो बाइक से चार लोग पीछा करते हुए आए और उनकी चार पहिया वाहन पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चलाकर भाग निकले। गोलियां वाहन के बीचों-बीच में लगीं, जिससे वाहन के दोनों शीशे टूटकर क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को बोकारो जिला के पुलिस अधीक्षक, बेरमो एसडीपीओ, बोकारो थर्मल थाना और पेंक नारायणपुर के थाना प्रभारी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। शिव कुमारी ने बताया कि इससे पूर्व भी कुछ लोगों द्वारा उन्हें और उनके पुत्र को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है। पेंक नारायणपुर थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि मामले को कांड संख्या 5/26 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दो लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। धारा 307, 27 आर्म्स एक्ट के तहत गहन जांच की जा रही है। मौके पर एसपी बोकारो हरविंदर सिंह, बेरमो डीएसपी वशिष्ठ नारायण सिंह, पेंक नारायणपुर थाना प्रभारी नीतीश कुमार, बोकारो थर्मल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पिंकू कुमार यादव सहित कई झारखंड पुलिस बल उपस्थित थे।









Leave a Reply