गोमिया। तेनुघाट महाविद्यालय में प्राचार्य प्रो0 सुदामा तिवारी की अध्यक्षता में बुधवार को नशा मुक्त जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वाधान में किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो0 सुदामा तिवारी ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि परिवार, समाज और देश की प्रगति को भी बाधित करता है.उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों को बदलाव के राजदूत बनने और नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खतरों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए प्रोत्साहित किया। एनएसएस पदाधिकारी प्रो रावण मांझी ने कहा कि नशा किसी एक व्यक्ति, समाज, राष्ट्र ही नही बल्कि पूरे मानव जीवन के लिए खतरा है। नशा करने से व्यक्ति का धन और मान की हानि तो होती ही है, साथ ही उन्हें और उनके परिवार के अन्य सदस्यों का स्वास्थ्य भी प्रभावित होता है। प्रो धनंजय रविदास ने नशा मुक्त समाज बनाने में युवा पीढ़ी से सहयोग की अपील की, साथ ही उपस्थित छात्र छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि नशीली चीजों से दूर रहते हुए अपने घर से ही नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत करें, और साथ ही अपने अभिभावकों तथा आस-पास रहने वाले समाज के लोगों को नशा से दूर रहने की सलाह दें। मौके पर प्रो0 महावीर यादव, प्रो0 श्रीकांत प्रसाद, प्रो0 संजीव महाराज, प्रो0 दिनेश्वर स्वर्णकार, प्रो0 प्रेम सागर प्रसाद, प्रमोद कुमार, विनय यादव सहित कई छात्र छात्राएं उपस्थित थे।










Leave a Reply