राष्ट्रहित में बलिदान देने वाले महान राष्ट्रवादी थे मुखर्जी : मनीष जायसवाल
बोकारो : भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर रविवार को बोकारो में भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारीबाग संसदीय क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद मनीष जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं राष्ट्रहित में दिए गए बलिदान को याद करते हुए उन्हें भारतीय राजनीति का शिल्पकार बताया। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने एक राष्ट्र, एक विधान और एक निशान की परिकल्पना को साकार करने के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर को भारत का पूर्ण और अभिन्न अंग बनाने के लिए मुखर्जी का योगदान अमिट और ऐतिहासिक है। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्त्रोत बना रहेगा। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी बोकारो के जिलाध्यक्ष जयदेव राय ने कहा कि मुखर्जी का जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आत्मनिर्भर भारत के सिद्धांतों पर आधारित था। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मुखर्जी के सिद्धांतों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र की सेवा करें। कार्यक्रम में पूर्व सांसद रविंद्र पांडे, रोहित लाल सिंह, कुमार अमित, संजय त्यागी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के जीवन संघर्ष, शिक्षा, राष्ट्रवादी विचारधारा और उनके संगठनात्मक योगदान पर प्रकाश डाला और उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया।








Leave a Reply