जीव-विज्ञान में आदित्य ने मारी बाजी, प्राचार्य डॉ. गंगवार ने दी बधाई
बोकारो। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के प्रतिभावान विद्यार्थियों ने एक बार पुनः अपनी मेधाविता का परचम लहराया है। भारतीय भौतिकी शिक्षक संघ (आईएपीटी) की ओर से आयोजित विभिन्न विषयों की राष्ट्रीय मानक परीक्षाओं में राज्य में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के दो छात्रों ने बाजी मारी है। होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केन्द्र के सहयोग से आयोजित आईएपीटी 2025-26 की खगोलिकी और जीव-विज्ञान की परीक्षाओं में विद्यार्थी सफल रहे। विद्यालय की 12वीं कक्षा के मेधावी छात्र कुमार अनमोल ने आईएपीटी की खगोलिकी (एस्ट्रोनॉमी) परीक्षा एनएसईए (नेशनल स्टैंडर्ड एग्जामिनेशन इन एस्ट्रोनॉमी) में ग्रुप ए के तहत झारखंड कोटा के कुल पांच सफल विद्यार्थियों में सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त किया। उसने कुल 118 अंक के साथ सफलता हासिल की। वहीं, 12वीं कक्षा (ग्रुप- ए) के ही एक अन्य होनहार छात्र आदित्य मिश्रा ने जीव विज्ञान की परीक्षा एनएसईबी में कामयाबी पाई। ग्रुप ए कोटा के झारखंड के कुल चार सफल विद्यार्थियों में आदित्य ने भी अपनी जगह पक्की की। उसने कुल 96 अंक हासिल किए। इसके साथ ही दोनों विद्यार्थी अब अगले चरण के राष्ट्रीय ओलंपियाड के लिए क्वालीफाई कर गए हैं।
अनमोल अब आगामी 31 जनवरी 2026 को होनेवाली भारतीय राष्ट्रीय खगोल विज्ञान ओलंपियाड (आईएनएओ) के दूसरे चरण की परीक्षा में शामिल होगा। बता दें कि इस परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले छात्रों को मुंबई स्थित होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केंद्र के ओरिएंटेशन कम सिलेक्शन कैंप में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसी कैंप के आधार पर अंततः पांच छात्रों का चयन किया जाएगा, जो एक टीम के रूप में हनोई, वियतनाम में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी ओलंपियाड में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। जबकि, आदित्य मिश्रा आगामी 01 फरवरी 2026 को आयोजित भारतीय राष्ट्रीय जीव-विज्ञान ओलंपियाड (आईएनबीओ) में भाग लेगा।
अपने विद्यालय के छात्रों की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने उन्हें बधाई तथा अगले चरण के भारतीय राष्ट्रीय ओलंपियाड एवं अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डीपीएस बोकारो शुरू से ही छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को समुचित मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनके समग्र विकास को लेकर कटिबद्ध रहा है। यही वजह है कि यहां के विद्यार्थी बोकारो की गरिमा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाते रहे हैं।








Leave a Reply