केवीके द्वारा दी जा रही तकनीकी के प्रसार का ही प्रभाव है कि उन्नत तकनीकी आज गांव के किसानों तक पहुंच रही हैं:

पेटरवार : पेटरवार प्रखंड स्थित कृषि विज्ञान केंद्र पेटरवार बोकारो में आज दिन बुधवार को गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने प्रातः 10 बजे औचक निरीक्षण किया। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. अनिल कुमार ने सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी को अंग वस्त्र एव मेमोरेंडम देकर स्वागत किया। निरीक्षण के क्रम पर वैज्ञानिक अनिल कुमार ने सांसद महोदय को कृषि विज्ञान केंद्र पेटरवार बोकारो के द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उसके उपरांत माननीय सांसद के द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र में स्थापित विभिन्न यूनिटों जैसे ईख, ड्रैगन, फ्रूट, स्वीट कॉर्न , आम बागवानी, वर्मी कंपोस्ट के साथ-साथ कृषि यंत्र से संबंधित जानकारी ली। कृषि विज्ञान केंद्र के कार्यों को देखते हुए सांसद के द्वारा बताया गया कि किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए वैज्ञानिक कार्य करें। उन्होंने कहा कि केवीके द्वारा दी जा रही तकनीकी के प्रसार का ही प्रभाव है कि उन्नत तकनीकी आज गांव के किसानों तक पहुंच रही है। किसान परंपरागत खेती-बाड़ी से निकलकर वैज्ञानिकता की ओर अग्रसर हो रहे हैं। बेराजगार किसान युवक-युवतियां आदि उद्यानिकी, डेयरी व्यवसाय, बकरी पालन, मुर्गी पालन, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन से लेकर मछली पालन की ओर उन्मुख हुए हैं। किसानों में जैविक खेती की ओर भी रूझान देखा जा रहा है। जिससे किसान ज्यादा लाभांवित हो सकें। सांसद महोदय ने कहा कि केवीके के काम और योजनाओं को अधिक प्रभावी ढ़ग से लागू करवाने में वर्तमान केंद्र सरकार का बहुत बड़ा योगदान रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा स्वंय केवीके के कार्यों को अधिक गतिशील बनाने में व्यक्तिगत तौर पर रूचि लेने के कारण आज ये केंद्र अनेकों कार्यों को संपादित कर रहे हैं। इस मौके पर रितेश कुमार सिन्हा, पंकज कुमार सिन्हा, संटू सिंह राजू सिन्हा, पिंटू महतो एवं कृषि विज्ञान केंद्र के सुनील पांडे, रश्मि कलडुलना ,मो.जुनैद आलम, अभय सिंह, दुर्गा महतो,रूपलाल मरांडी आदि मौजूद थे।

