बोकारो : चास प्रखंड के खेदाडीह बस्ती में शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने बोकारो जिला भाजपा कार्यालय का शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मरांडी ने जम्मू-कश्मीर और झारखंड से जुड़ी हालिया घटनाओं पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में हिंदुओं पर गोली चलाने वाले आतंकियों और झारखंड सरकार के उस मंत्री, जो शरिया को संविधान से ऊपर मानते हैं, दोनों की मानसिकता में कोई अंतर नहीं है। मरांडी ने कहा कि ऐसे मंत्री भी आतंकवादियों की श्रेणी में आते हैं और उन्हें तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए।मरांडी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की ताजा घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि वहां कुछ लोगों से जबरन उनका धर्म पूछा गया, उन्हें कलमा पढ़वाया गया और उनके कपड़े तक उतरवाए गए। उन्होंने सवाल उठाया कि देश किस दिशा में बढ़ रहा है और कुछ लोग किस तरह का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे देश और संविधान की रक्षा के लिए सजग रहें और समाज में भाईचारा बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।

