धनबाद।दिन के उजाले में अवैध कोयला लोड करने के लिए परियोजना के अंदर जा रहे ट्रक को रोकना बीसीसीएल के दो अधिकारियों को महंगा पड़ गया। कोयला धंधेबाज के गुर्गों ने अधिकारी पी पांडेय तथा आशीष कुजूर की पिटाई कर दी। घटना बीसीसीएल के बरोरा क्षेत्र अंर्तगत एएमपी कोलियरी में संचालित संजय उद्योग आउटसोर्सिंग पैच के सात नंबर माइंस में शुक्रवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे घटित हुई है। कोलियरी प्रबंधक पी पांडेय तथा सेक्शन इंचार्ज आशीष कुजूर एंव चालक मनोज कुमार माइंस जा रहे थे। इस दौरान अनाधिकृत रास्ते से एक 12 चक्का ट्रक को जबरन माइंस के अंदर जाता हुआ देख अधिकारियों ने रोक दिया। यह बात अवैध धंधेबाजों को नागवार गुजरी। कुछ देर के बाद आउटसोर्सिंग कंपनी संजय उद्योग के कैंप कार्यालय के पास 20-30 की संख्या में नकाबपोश लोगों ने अधिकारियों की गाड़ी को घेरकर हमला कर दिया। घटना में दोनों अधिकारी जख्मी हो गए हैं। दोनों का इलाज डुमरा अस्पताल में करवाया गया है।घटना की सूचना पाकर मधुबन पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। तब तक हमलावर वहां से भाग चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही दोनों पीड़ित अधिकारियों से घटना के बाबत जानकारी हासिल की।अधिकारियों के साथ मारपीट की घटना के बाद जीएम पीयूष किशोर, एजीएम जीके मेहता, पीओ काजल सरकार, एच के हेना सहित अन्य अधिकारियों की टीम मधुबन थाना पहुंची। पीड़ित अधिकारी ने थाना में लिखित शिकायत देकर कारवाही की मांग की है। अधिकारियों ने हमलावरों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। पुलिस ने जल्द ही नामजद लोगों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है।
बरोरा ए एमपी कोलियरी में जबरन कोयला लोड करने आई ट्रक को रोकने पर कोयला धंधेबाजों ने बीसीसीएल के दो अधिकारियों पर किया हमला, जख्मी










Leave a Reply