गोमिया। प्रखंड के सियारी पंचायत अंतर्गत बिरहोर टंडा ग्राम में मंगलवार को माहेर संस्था द्वारा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। उक्त शिविर संस्था के निदेशक सिस्टर लूसी कुरियन की माता की पुण्य तिथि पर आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बीडीओ महादेव कुमार महतो मुख्य रूप से शामिल हुए। इस दौरान मुफ्त चिकित्सा शिविर लगाया गया। जिसमें कई ग्रामीणों के स्वास्थ्य जांच कर उचित सलाह दिया गया और दवा भी उपलब्ध कराया गया। वहीं कई लोगों के बीपी शुगर एवं ब्लड जांच किया गया। वहीं ग्रामीणों के बीच कुछ राहत सामग्री यथा साड़ी, लूंगी, कंबल, बच्चों के कुछ कपड़ा, कुछ खाद्य सामग्री आदि का वितरण किया गया। इस अवसर पर बीडीओ महादेव कुमार महतो ने कहा कि माहेर संस्था द्वारा अनाथ बच्चों एवं लाचार लोगों को आश्रय देने का कार्य किया जा रहा है, जो काफी सराहनीय है। संस्था को हर संभव मदद करने की आवश्यकता है। निदेशक सिस्टर लूसी कुरियन ने कहा कि देश के कई जगहों में संस्था द्वारा गरीब एवं अनाथ बच्चों का सभी प्रकार की जरूरत को पूरी करते हुए शिक्षा भी उपलब्ध कराई जा रही है। जिसमें कई लोगों का सहयोग मिलता रहता है। मौके पर मुखिया रामबृक्ष मुर्मू, संस्था के राजेश कुजूर सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।

