अब्दुल वाहिद खान सहित सैकड़ों आंदोलनकारी सम्मानित
प्रमाण पत्र व मोमेंटो पाकर आंदोलकारियों में दिखा उत्साह, पेंशन व आरक्षण को लेकर जताई खुशी
बोकारो:- बोकारो जिले के चास स्थित प्रखंड सभागार में बुधवार को दोपहर 1 बजे झारखंड आंदोलनकारी सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बोकारो विधायक श्वेता सिंह एवं चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में चास प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, उप प्रमुख मोहन चक्रवर्ती सहित प्रखंड स्तर के कई पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।सम्मान समारोह के दौरान झारखंड आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सैकड़ों आंदोलनकारियों को प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इनमें झारखंड आंदोलनकारी, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं चास नगर निगम के पूर्व उपाध्यक्ष अब्दुल वाहिद खान भी शामिल थे, जिन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद अब्दुल वाहिद खान ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड सरकार द्वारा आंदोलनकारियों को दिया गया यह सम्मान उनके संघर्षों की सच्ची पहचान है। उन्होंने कहा कि इससे झारखंड आंदोलनकारियों को पेंशन का लाभ मिलेगा, वहीं आने वाली पीढ़ी को नौकरी एवं शिक्षा में आरक्षण का लाभ भी सुनिश्चित होगा। आज का दिन झारखंड आंदोलनकारियों के लिए अत्यंत खुशी और गर्व का दिन है। उन्होंने झारखंड सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द आंदोलनकारियों की आने वाली पीढ़ी को नौकरी और शिक्षा में आरक्षण का लाभ दिया जाए, ताकि उनके संघर्ष का वास्तविक फल समाज तक पहुंचे।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने झारखंड आंदोलनकारियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके संघर्ष को राज्य के निर्माण की मजबूत नींव बताया। समारोह का माहौल उत्साह और सम्मान से भरा रहा।








Leave a Reply