कसमार, बोकारो
कसमार थाना परिसर क्षेत्र में आज सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल अधिकारी (सीओ) कसमार नरेंद्र कुमार सिंह ने की। बैठक में विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए सीओ नरेंद्र कुमार सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरस्वती पूजा श्रद्धा, शांति और भाईचारे का पर्व है, जिसे आपसी सौहार्द के साथ मनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है। किसी भी प्रकार के हुड़दंग, अश्लील गीत, भड़काऊ नारे अथवा नियमों के उल्लंघन को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी पूजा समितियों से निर्धारित समय, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के नियमों तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की।
वहीं कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि पूजा के नाम पर कानून हाथ में लेने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है। डीजे बजाने, नशाखोरी, जबरन चंदा वसूली एवं सड़क जाम जैसी गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। शांति भंग करने वालों के विरुद्ध बिना किसी दबाव के सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर बोकारो जिला परिषद उपाध्यक्ष बबीता कुमारी ने कहा कि सरस्वती पूजा हमारी सांस्कृतिक और शैक्षणिक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने सभी युवाओं और पूजा समितियों से अपील की कि वे अनुशासन और मर्यादा का पालन करते हुए पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि शांति और सद्भाव के साथ मनाया गया पर्व ही समाज को सही दिशा देता है, और इसमें सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है।
बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। अंत में प्रशासन की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत पुलिस को दें और सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं मर्यादित तरीके से मनाने में सहयोग करें। वहीं खैराचातर भाजपा मंडल अध्यक्ष आनंद महतो ने कहा कि यह सरस्वती पूजा अपने दिल के लिए पूजा रचना करती ऐसे में बच्चों को अनुशासित होकर पूजा संपन्न कराने कर कोशिश के लिए हम सभी का दायित्व बनता है मौके शांति समिति के सदस्य जनप्रतिनिधि सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे मच संचालन छोगा लाल सिंह ने किया
रस्वती पूजा को लेकर कसमार थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, प्रशासन सख्त










Leave a Reply