दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू, शॉर्ट सर्किट की आशंका
बोकारो।
बोकारो के सेक्टर 8/सी स्थित राय चौक पर रविवार सुबह अचानक आग लगने से दो जनरल स्टोर में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में आर के जनरल स्टोर और पवन जनरल स्टोर को भारी नुकसान हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दोनों दुकानें इसकी चपेट में आ गईं।
सुबह आसपास के लोगों ने दुकानों से धुआं उठता देखा, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दुकान मालिकों और अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। पवन जनरल स्टोर के मालिक काशीनाथ प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी।
सूचना मिलने पर झारखंड अग्निशमन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। अग्निशमन विभाग के राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आग बुझाने के लिए दमकल की दो गाड़ियों को भेजा गया था। आग तेजी से फैलने के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
दमकल कर्मियों ने दुकानों के शटर तोड़कर अंदर पहुंचते हुए आग पर काबू पाया। इस दौरान आसपास के लोग भी मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्य में सहयोग करते रहे।
आर के जनरल स्टोर के मालिक रंजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना के समय वे रांची में थे। स्थानीय लोगों से फोन पर सूचना मिलने के बाद उन्हें घटना की जानकारी हुई। उन्होंने बताया कि आग लगने से करीब चार से पांच लाख रुपये के सामान का नुकसान हुआ है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। कुछ लोग शॉर्ट सर्किट को आग की वजह बता रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि दुकान के पीछे झाड़ियों की सफाई के दौरान लगाई गई आग फैलकर दुकानों तक पहुंच गई। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।







Leave a Reply