इम्पैक्टेड कैनाइन सर्जरी कर मरीज को दर्द से मिली राहत
बोकारो: सदर अस्पताल बोकारो के डेंटल चिकित्सकों ने जटिल सर्जरी कर हड्डी के अंदर फंसे टूटे दांत (इम्पैक्टेड कैनाइन) को सफलतापूर्वक निकालकर मरीज को लंबे समय से हो रहे दर्द से राहत दिलाई।
सोमवार, 23 मार्च 2026 को सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. निकेत चौधरी एवं डॉ. तुलिका सिंह (डेंटल सर्जन) की टीम ने इस जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया, जिसके लिए पूरी टीम बधाई की पात्र है।
डॉ. तुलिका सिंह ने बताया कि अनिल कुमार नामक मरीज ने पहले गांव के पास एक निजी चिकित्सक से दांत का इलाज करवाया था, जहां टूटे दांत के ऊपर ब्रिज (फिक्स दांत) लगा दिया गया था। कुछ समय बाद मरीज को तेज दर्द की समस्या होने लगी, जिसके बाद वह सदर अस्पताल के डेंटल ओपीडी में पहुंचा।
जांच के दौरान एक्स-रे से पता चला कि दांत का एक टुकड़ा हड्डी के अंदर फंसा हुआ है। इसके बाद मरीज को ऑपरेशन की सलाह दी गई और 23 मार्च को सर्जरी कर फंसे हुए दांत को सफलतापूर्वक निकाल दिया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज ने राहत महसूस की और वह काफी संतुष्ट दिखा।
उपाधीक्षक डॉ. एन.पी. सिंह ने बताया कि इस तरह की जटिल दंत सर्जरी की सुविधा अब सदर अस्पताल बोकारो में उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस प्रकार की समस्या होने पर वे निःसंकोच सदर अस्पताल के डेंटल ओपीडी में संपर्क कर उचित उपचार कराएं।
इस ऑपरेशन के दौरान डॉ. निकेत चौधरी (जिला नोडल पदाधिकारी, डॉ. तुलिका सिंह, संजय राम (दंत स्वास्थ्य विज्ञानी), मोती कुमारी, अन्नू कुमारी एवं महेश कुमार (दंत सहायक) उपस्थित थे।
सदर अस्पताल बोकारो में फंसे दांत का सफल ऑपरेशन










Leave a Reply