सीएसआर के तहत ईएसएल स्टील लिमिटेड देगा सहयोग, ग्रामीण विकास को मिलेगी नई दिशा
झारखंड: ग्रामीण विकास और सामुदायिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत नंद घर ने कोडरमा जिले में महिला एवं बाल विकास (डब्लू) विभाग के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
इस मौके पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और कोडरमा के उपायुक्त ऋतुराज मौजूद रहे।
यह पहल जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में समग्र विकास को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। बोकारो जिले में पहले से संचालित 150 नंद घरों की सफलता के बाद अब इस योजना का विस्तार कोडरमा में किया जा रहा है।
समझौते के तहत कोडरमा में 150 नंद घर विकसित किए जाएंगे, जो आधुनिक ग्रामीण विकास केंद्र के रूप में कार्य करेंगे। इन केंद्रों के माध्यम से बच्चों को पौष्टिक आहार, प्रारंभिक शिक्षा और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, वहीं महिलाओं को रोजगार और आजीविका के अवसर भी मिलेंगे।
इस परियोजना में वेदांता समूह की सहायक कंपनी ESL स्टील लिमिटेड कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत सहयोग करेगी, जिससे क्षेत्र में सामुदायिक विकास को मजबूती मिलेगी।
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि यह पहल कोडरमा में जमीनी स्तर पर सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है और इससे पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आएगा।
नंद घर के सीईओ शशि अरोड़ा ने कहा कि यह पहल महिलाओं और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए समर्पित है और इससे जरूरतमंदों तक बेहतर सेवाएं पहुंचेंगी।
वहीं ESL स्टील लिमिटेड के डिप्टी सीईओ एवं पूर्णकालिक निदेशक रवीश शर्मा ने कहा कि कंपनी समाज के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इस परियोजना के माध्यम से ग्रामीण समुदायों को सशक्त बनाया जा रहा है।
यह पहल आंगनवाड़ी प्रणाली को तकनीक, बेहतर बुनियादी ढांचे और सामुदायिक सहभागिता के जरिए मजबूत करते हुए ग्रामीण विकास का एक स्थायी मॉडल तैयार करेगी।







Leave a Reply